चिनियां थाना क्षेत्र के मसरा गांव स्थित लिखनी पत्थर के समीप रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  बिलैती खैर गांव निवासी दुर्गेश यादव अपनी भांजी नीलम कुमारी और कोमल यादव के साथ छत्तीसगढ़ के सिलाजू गांव स्थित अपने बहन-बहनोई के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लिखनी पत्थर के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।

दूसरी बाइक पर मेराल थाना क्षेत्र के सुगवा दामर गांव निवासी गोरख भुइंया और एक अन्य युवक सवार थे। टक्कर के बाद सभी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची तथा सभी घायलों को चिनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां एएनएम बबीता कुमारी  गार्ड संजय यादव और एंबुलेंस कर्मियों ने प्राथमिक उपचार किया।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गेश यादव  नीलम कुमारी और गोरख भुइंया को बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया  जबकि एक अन्य घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया।

हादसे के बाद चिनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक गंभीर मरीजों का इलाज एएनएम  एंबुलेंस कर्मियों और गार्ड के भरोसे चलता रहेगा।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि चिनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए  ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। वहीं सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।