पाकुड़ खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा साइकिलिंग संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पाकुड़ शहर के बैंक कॉलोनी में खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल जिला खेलकूद पदाधिकारी राहुल कुमार पाकुड़ जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेंदु शेखर गांगुली उपाध्यक्ष सुजीत विद्यार्थी सामाजिक कार्यकर्ता सोमनाथ पाल तथा एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष जयदेव कुमार ने संयुक्त रूप से गुब्बारे उड़ाकर और हरी झंडी दिखाकर किया।प्रतियोगिता में बालिकाओं ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया तथा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के बालक खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन समारोह में विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों और युवाओं में आत्मविश्वास अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से अब छोटे शहरों में भी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल रहा है और नगर परिषद भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।पाकुड़ जिला साइकिलिंग संघ के सचिव रणवीर सिंह ने बताया कि विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी खेलो इंडिया अस्मिता साइकिलिंग सिटी लीग का आयोजन किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में संयुक्त सचिव पंकज अग्रवाल प्रवीण कुमार अक्षय बावरी जगबंधु दास नारायण चंद्र रॉय अनिल भगत अज्जू मंडल रोहित कुमार नीतीश कुमार सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।