धनबाद तोपचांची तोपचांची स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी में एक्सपायरी दवाएं मिलने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीएमएफटी DMFT टीम की जांच में दवा प्रबंधन और स्टोर संचालन में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद चार स्वास्थ्यकर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।जानकारी के अनुसार हाल ही में डीएमएफटी टीम ने तोपचांची के साहूबहियार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अस्पताल के स्टोर और दवा प्रबंधन प्रणाली में कई खामियां पाई गईं। टीम को विभिन्न प्रकार की एक्सपायरी दवाएं मिलीं जिसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया।जांच रिपोर्ट में स्टोर इंचार्ज, डेंटल मेडिकल ऑफिसर, फार्मेसी इंचार्ज और जीएनएम को इस मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।उप विकास आयुक्त डीडीसी के निर्देश पर सीएचसी प्रभारी डॉ. श्वेता गुंजन ने डेंटल मेडिकल ऑफिसर डॉ. राज शेखर भट्टाचार्य स्टोर इंचार्ज शेखर सुमन जीएनएम सोनामुनी अड्डी और फार्मेसी इंचार्ज मो. तनवीर आलम को शोकॉज नोटिस जारी किया है।जारी नोटिस में सभी संबंधित कर्मियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्ट जवाब देने को कहा गया है। मामले की सूचना सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त को भी भेज दी गई है।इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से दवा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं लेकिन समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई।अब प्रशासन पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है और जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।