पलामू  पांकी प्रखंड के आसेहार हरिजन टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र कोड संख्या 20358100111 का संचालन भवन जर्जर होने के कारण फिलहाल नजदीकी स्कूल भवन में किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी भवन की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। इसे लेकर सेविका और ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया था। इसके बाद जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों द्वारा भवन का निरीक्षण किया गया। जांच में भवन को पूरी तरह जर्जर और बच्चों के लिए असुरक्षित पाया गया। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने ज्ञापन संख्या 136  दिनांक 31 05 2025 के तहत आदेश जारी कर आंगनबाड़ी केंद्र को निकटवर्ती उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय दक्षिण आसेहार में संचालित करने का निर्देश दिया। विभागीय आदेश के बाद से केंद्र का संचालन विद्यालय परिसर में किया जा रहा है। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान सेविका पूजा कुमारी और सहायिका बिमला देवी केंद्र में उपस्थित मिलीं। उन्होंने बताया कि विभाग के निर्देशानुसार नियमित रूप से केंद्र का संचालन किया जा रहा है तथा बच्चों और जरूरतमंद लाभुकों तक सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सेविका पूजा कुमारी ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग आपसी विवाद और निजी स्वार्थ के कारण उन पर गलत आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं वार्ड सदस्य रूबी देवी  धर्मपाल मेहता  सहदेव मेहता  चिंता देवी  प्रियंका देवी  सरिता देवी  मनोरमा कुंवर  चंदन कुमार  धनंजय कुमार और श्रीकांत कुमार समेत कई ग्रामीणों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन नियमित रूप से हो रहा है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि कुछ लोग निजी कारणों से विभाग का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि आरोप लगाने वाले लोगों का परिवार पहले सेविका पद का उम्मीदवार था  लेकिन योग्यता के अभाव में चयन नहीं हो पाया। इसी कारण पूर्वाग्रह के तहत गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों आकृति कुमारी  रिश्व राज स्वीटी कुमारी  प्रिया कुमारी  अनुप्रिया कुमारी और कार्तिक कुमार ने भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से चलता है और उन्हें समय पर सभी सुविधाएं मिलती हैं।