गर्भवती महिला की मौत पर 19 घंटे सड़क जाम
बेरमो थाना क्षेत्र के ढोरी रेलवे
साइडिंग स्थित 5 नंबर धौड़ा में कोयला विवाद को लेकर हुई मारपीट में गर्भवती
महिला अनिता देवी (25
वर्ष) की मौत के बाद
क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों
और ग्रामीणों ने ढोरी कांटा स्थित पंडित दीनदयाल चौक के समीप सड़क जाम कर
धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह आंदोलन शनिवार सुबह 9 बजे
शुरू होकर रविवार सुबह करीब 4
बजे तक यानी लगभग
19 घंटे
तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। जानकारी के अनुसार, 29 मई
की रात हुई मारपीट की घटना में अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गई
थीं। उन्हें तत्काल ढोरी सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका तीन माह
की गर्भवती थीं और अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। धरना स्थल पर डुमरी विधायक जयराम
महतो और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी पहुंचे। दोनों
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित
परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने
रातभर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
गया थाना प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि
बेरमो थाना कांड संख्या 63/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने बबलू कुमार सुरेंद्र
भुइयां बीरेन्द्र
भारती राहुल
दीगार राजेश
भुइयां और धीरेन भुइयां
को गिरफ्तार कर लिया है। छह आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना
मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया जिसके बाद क्षेत्र में आवागमन सामान्य हो सका। घटना के बाद पूरे ढोरी और बेरमो
क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषियों को
कड़ी से कड़ी सजा देने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।















