सीतामढ़ी में दुकानदार परिवार पर बीच सड़क हमला, कीचड़ में गिराकर बेरहमी से पीटा; वीडियो वायरल
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले के परिहार बाजार से मारपीट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक दुकानदार और उसके परिवार के सदस्यों के साथ बीच सड़क पर कथित रूप से बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का 29 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग सड़क पर कीचड़ के बीच लोगों की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़िता दुखिया देवी ने परिहार थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया कि उनके परिवार की कपड़े की दुकान प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित है। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद करने के दौरान पड़ोसी जयराज साह ने उनके पुत्र को गाली देते हुए बाहर बुलाया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि जब वह और उनके पति लालदेव साह बेटे को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। प्राथमिकी के अनुसार, जयराज साह ने दबिया से लालदेव साह के सिर पर वार किया। वहीं राजन साह ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जबकि जितेंद्र साह ने लोहे की रॉड से वार कर दुखिया देवी का पैर घायल कर दिया। आरोप है कि रोहित कुमार ने चाकू से हमला करने के साथ उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली। वहीं भुवनेश्वर साह पर उनके पुत्र पर हथौड़े से हमला करने का आरोप लगाया गया है। घटना में गंभीर रूप से घायल लालदेव साह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि वीडियो में स्पष्ट रूप से आरोपियों की पहचान नहीं हो रही है, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















