रेल इंजनों से कॉपर पाइप चोरी का खुलासा, RPF ने दो आरोपियों को दबोचा
मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले में रेल इंजनों से न्यूमेटिक कॉपर पाइप चोरी करने वाले गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई में चोरी का सामान खरीदने वाले एक रिसीवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से करीब 60 फीट न्यूमेटिक कॉपर पाइप बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक नामजद आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है। आरपीएफ के अनुसार, 31 जुलाई से 3 अगस्त के बीच जमालपुर रेलवे यार्ड में खड़े विभिन्न रेल इंजनों से कुल 117 फीट न्यूमेटिक कॉपर पाइप चोरी होने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में रेलवे संपत्ति (अनधिकृत कब्जा) अधिनियम और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर सीआईबी, आरपीएफ और जमालपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर सदर बाजार स्थित लाल कुमार के घर और दुकान पर छापेमारी की, जहां से 40 फीट कटी हुई कॉपर पाइप बरामद हुई। पूछताछ में लाल कुमार ने स्वीकार किया कि उसने यह पाइप संजीव मल्लिक उर्फ बैरिया और उसके भाई छोटू मल्लिक से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने संजीव मल्लिक के घर से 15 फीट कॉपर पाइप बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अतिरिक्त 5 फीट पाइप भी बरामद की गई। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी छोटू मल्लिक और अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।















