गिरिडीह पुलिस की नई पहल गंभीर मामलों की जांच अब होगी तेज वैज्ञानिक और पेशेवर
गिरिडीह जिले
में अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर गिरिडीह पुलिस ने
एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ.
विमल कुमार के निर्देश पर जिले में पहली बार स्पेशल
इन्वेस्टीगेशन सेल का
गठन किया गया है। इस विशेष जांच इकाई का उद्देश्य संवेदनशील और जटिल मामलों की
वैज्ञानिक तकनीकी और पेशेवर तरीके से जांच कर
अपराधियों तक तेजी से पहुंच बनाना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है। नई व्यवस्था के तहत विशेष इन्वेस्टीगेशन
सेल को दो भागों में विभाजित किया गया है। पहला सेल गिरिडीह पुलिस मुख्यालय में
कार्य करेगा जिसमें सात सदस्यीय टीम शामिल की गई है।
वहीं दूसरा सेल खोरीमहुआ अनुमंडल में स्थापित किया गया है जहां
पांच सदस्यीय टीम तैनात रहेगी। दोनों टीमों में अनुभवी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों
को शामिल किया गया है जिन्हें
अनुसंधान और तकनीकी जांच का विशेष अनुभव है। पुलिस के अनुसार जिले
में होने वाली किसी भी बड़ी चर्चित
या संवेदनशील घटना के बाद यह टीम तुरंत सक्रिय होगी। हत्या डकैती साइबर अपराध महिला
उत्पीड़न संगठित अपराध और अन्य गंभीर मामलों में
विशेष जांच टीम थाना पुलिस के साथ मिलकर काम करेगी। टीम साक्ष्य संकलन
डिजिटल फॉरेंसिक तकनीकी
विश्लेषण और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से मामलों की गहराई तक पहुंचने का
प्रयास करेगी। इससे जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार आने की उम्मीद है। पूरे स्पेशल इन्वेस्टीगेशन सेल की
निगरानी एक डीएसपी रैंक के अधिकारी द्वारा की जाएगी। उनका दायित्व यह सुनिश्चित
करना होगा कि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी महत्वपूर्ण पहलू की अनदेखी न हो और सभी
कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाए। पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक
तकनीक और वैज्ञानिक जांच पद्धतियों के इस्तेमाल से अपराधियों की पहचान और
गिरफ्तारी में तेजी आएगी। साथ ही न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्य
अधिक मजबूत होंगे जिससे मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी
और दोषियों को सजा मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। जिले में पहली बार इस तरह की विशेष जांच
इकाई के गठन को लेकर आम लोगों और सामाजिक संगठनों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
लोगों का कहना है कि यह पहल कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ पुलिस के
प्रति जनता का भरोसा भी बढ़ाएगी।दो स्तरों पर काम
करेगी विशेष जांच टीम
गंभीर मामलों में
तत्काल होगी कार्रवाई
डीएसपी स्तर के
अधिकारी करेंगे निगरानी
मजबूत होंगे साक्ष्य बढ़ेगी दोषियों को सजा मिलने की संभावना
जनता ने किया स्वागत















