मुजफ्फरपुर में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो की विशेष टीम और नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और विदेशी शराब बरामद की गई है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से हेरोइन की बड़ी खेप मुजफ्फरपुर लाई जा रही है. सूचना के आधार पर मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो और नगर थाना पुलिस ने स्टेशन रोड इलाके में संयुक्त अभियान चलाया और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू की.

गुरुवार देर रात पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को घेरकर पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पीले रंग के बैग से 891 ग्राम हेरोइन और 540 एमएल विदेशी शराब बरामद की गई. मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है. दोनों आरोपियों के खिलाफ नगर थाना में एनडीपीएस एक्ट और बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.

बिहार पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें. पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है.