पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शादी का दबाव बनाए जाने से नाराज एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका को कमरे पर बुलाकर चाकू से हमला कर दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घायल युवती को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत आईजीआईएमएस के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

एक साल से दोनों के बीच था संबंध

पुलिस के अनुसार  आरोपी की पहचान मनीष कुमार यादव के रूप में हुई है  जो आईजीआईएमएस के जनरल सर्जरी वार्ड में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है. वह राजाबाजार इलाके में किराए के मकान में रहता था. वहीं घायल युवती आराध्या मिश्रा 26  जमुई जिले की रहने वाली है और पटना में रहकर एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रही है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब एक साल से प्रेम संबंध था.

बातचीत के बहाने बुलाया  फिर हुआ हमला

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि आरोपी लंबे समय से शादी का भरोसा देता रहा. जब युवती ने शादी को लेकर दबाव बनाना शुरू किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा. बुधवार रात आरोपी ने बातचीत और विवाद सुलझाने के बहाने युवती को अपने कमरे पर बुलाया. वहां दोनों के बीच बहस हुई  जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया.

लोगों की मदद से बची जान

कमरे से चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

घटना के बाद पीड़िता ने शास्त्रीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.