बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार तड़के उस समय अफरातफरी मच गई जब प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी उधना एक्सप्रेस की एक बोगी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कोच धू-धूकर जलने लगा और स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार  गाड़ी संख्या 22563 उधना एक्सप्रेस की कोच संख्या 154788 में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि बोगी के अंदर की सीटें और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।

समय रहते पहुंची फायर ब्रिगेड

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल  स्टेशन अधिकारी और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और उसे अन्य बोगियों तक फैलने से रोक दिया।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि ट्रेन उस समय खाली थी।

कैसे लगी आग? जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि उधना एक्सप्रेस जयनगर पहुंचने के बाद मधुबनी स्टेशन पर खाली अवस्था में खड़ी रहती है। बाद में ट्रेन दोबारा जयनगर के लिए रवाना होती है। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर खड़ी बोगी में आग लग गई।

डीआरएम ने किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही ज्योति प्रकाश मिश्रा  मधुबनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और जली हुई बोगी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए।

डीआरएम ने कहा कि आग लगने की वजह और किसी तरह की लापरवाही की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

स्थानीय लोगों के अनुसार  करीब तीन साल पहले भी मधुबनी स्टेशन पर खाली बोगी में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना होने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।