बिहार के नवादा जिले में 9 दिन से लापता एक किशोर का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नवादा नगर के मिर्जापुर मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार  प्रिंस कुमार 13 मई से लापता था. परिजनों ने काफी तलाश की  लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद 14 मई को नगर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी.

पत्थरों से दबा मिला शव

शुक्रवार 22 मई को कादरीगंज थाना क्षेत्र के घोसतवां गांव के पास प्रिंस का शव संदिग्ध परिस्थिति में पत्थरों से दबा हुआ मिला. शव मिलने की सूचना फैलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई. मृतक प्रिंस कुमार  मिर्जापुर निवासी संजीत यादव का पुत्र था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बेटे का शव देखकर परिवार में मातम छा गया. गुस्साए परिजनों ने सदर अस्पताल रोड जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. परिवार का आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते गंभीरता से कार्रवाई करती  तो प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी. परिजनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

हत्या की आशंका पर जांच

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं से छानबीन की जा रही है.