ग्रेटर नोएडा डबल मर्डर सीताराम इंस्टीट्यूट हॉस्टल में दो मजदूरों की हत्या
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के नॉलेज
पार्क थाना क्षेत्र में स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो
मजदूरों की हत्या से सनसनी फैल गई। दोनों मजदूरों के शव हॉस्टल परिसर के एक कमरे
में खून से लथपथ हालत में मिले। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना
मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर हाल ही में मेरठ से माली का
काम करने के लिए ग्रेटर नोएडा आए थे। दोनों निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में ही बने
कमरे में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो अन्य
कर्मचारियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो दोनों मजदूरों के शव जमीन पर पड़े
मिले। पुलिस
ने मृतकों की पहचान मेरठ निवासी इंद्र और शीशपाल के रूप में की है। दोनों की उम्र
करीब 45 वर्ष बताई जा रही है।
घटनास्थल पर संघर्ष के निशान और कमरे में फैला खून देखकर हत्या की आशंका जताई जा
रही है। डीसीपी
प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार प्रारंभिक
जांच में मामला आपसी विवाद का लग रहा है। उन्होंने बताया कि किसी ब्लंट ऑब्जेक्ट
से सिर पर हमला कर हत्या की गई हो सकती है। पुलिस ने हत्यारोपी की पहचान कर ली है
और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें रवाना कर दी गई हैं। घटना के बाद से तीसरा मजदूर लापता बताया
जा रहा है जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास
लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटाने
में लगी हुई है।फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस
का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर
लिया जाएगा।














