सिंहगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कार्यरत एक चौकीदार ने कथित तौर पर वेतन न मिलने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान समीर माधवराव दाभोलकर 53 के रूप में हुई है  जो पुणे के हिंगणे खुर्द इलाके के निवासी थे। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार  समीर दाभोलकर पिछले 15 जून 2002 से कॉलेज में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे  लेकिन उन्हें पिछले 42 महीनों से वेतन नहीं मिला था। आर्थिक तंगी  बढ़ते कर्ज और मानसिक तनाव के चलते उन्होंने बुधवार दोपहर छात्रावास परिसर के एक कमरे में आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले दाभोलकर ने अपनी पत्नी के व्हाट्सएप नंबर पर एक छोटा वीडियो भेजा  जिसमें उन्होंने कहा पगार ज़लेला नाही यानी वेतन नहीं मिला। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। मृतक के बेटे वृषभ दाभोलकर की शिकायत पर भारतीय विद्यापीठ पुलिस स्टेशन में कॉलेज के संस्थापक मारुति नवले  सचिव सुनंदा नवले  उपाध्यक्ष रचना नवले अष्टेकर  राहुल नवले और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता BNS  की धारा 108 आत्महत्या के लिए उकसाना समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और मामले की जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि कॉलेज प्रबंधन पहले भी PF घोटाले और बैंक लोन फ्रॉड जैसे मामलों में विवादों में रह चुका है।