पंजाब के अमृतसर के बोहडू पुल इलाके में अवैध संबंधों के शक में एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तरनतारन निवासी डेविड मसीह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी पिंकी मसीह ने पुलिस को बताया कि डेविड के पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ कथित संबंधों को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। परिवार द्वारा मामला शांत कराने की कोशिश की गई  लेकिन तनाव लगातार बना रहा। पुलिस के मुताबिक  महिला के पति अशोक कुमार को शक था कि डेविड उसकी पत्नी को लेकर अमृतसर जा रहा है। इसी शक में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बोहडू पुल के पास डेविड को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया  जिससे उसके गले और छाती पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में डेविड को अस्पताल पहुंचाया गया  जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।