मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुए दर्दनाक रेल हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इस हादसे के बाद रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मामले में लापरवाही के आरोप में गेटमैन को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि संबंधित सुपरवाइजर को पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आई
जानकारी के अनुसार, बरहमपुर क्षेत्र में सुबह एक स्कूल वैन रेलवे क्रॉसिंग पार कर रही थी, तभी वह चलती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में मौके पर दो बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक घायल बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या चार हो गई।
रेलवे ने मुआवजे का किया ऐलान
रेल मंत्रालय ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2.5 लाख रुपये तथा अन्य घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जांच के लिए पहुंची हाई लेवल टीम
हादसे के बाद डीआरएम/एडीआरएम के नेतृत्व में 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। घायलों के इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
रेल सेवाएं प्रभावित
दुर्घटना के कारण इस रेलखंड पर ट्रेन परिचालन प्रभावित रहा। अजीमगंज–कटवा रेल मार्ग पर कई ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जिससे कटवा स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी आई सामने
बरहमपुर के विधायक सुब्रता मैत्रा ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए रेलवे से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।














