रांची: रांची जिले के सिल्ली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राहे प्रखंड की बसंतपुर पंचायत के बसंतपुर गांव में जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क पर जमा कीचड़ और पानी के बीच ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत बदहाल बनी हुई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और रोजमर्रा के कामों के लिए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाइक और साइकिल से गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और कीचड़ में धान लगाकर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शायद इस अनोखे प्रदर्शन के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान गांव की समस्या की ओर जाएगा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव की मूलभूत समस्याओं को भुला दिया जाता है। सड़क पर जलजमाव और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि गांव के विकास और बेहतर सड़क की मांग को लेकर है। उन्होंने सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो से बसंतपुर गांव की सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की।