गढ़वा : भवनाथपुर प्रखंड के कैलान गांव स्थित दक्षिणी जंगल में झुरहा नदी के किनारे संचालित अवैध महुआ शराब की भट्ठी को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 30 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरणों को नष्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मुखिया प्रतिनिधि राम प्रताप यादव और उपमुखिया सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक दल गुप्त सूचना के आधार पर जंगल पहुंचा। वहां बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाने का अवैध कारोबार चलता मिला। इसके बाद तत्काल भवनाथपुर थाना को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनी रंजन के निर्देश पर एएसआई उपेंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही शराब बनाने में शामिल लोग जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने मौके पर अवैध भट्ठी को ध्वस्त कर दिया और करीब 30 लीटर महुआ शराब के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को नष्ट कर दिया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि झुरहा नदी के किनारे यह अवैध कारोबार कई वर्षों से संचालित हो रहा था। आरोप है कि शराब बनाने वालों ने जंगल में बोरिंग कर चापाकल लगाया था, जिससे पानी निकालकर महुआ शराब तैयार की जाती थी। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा था और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था।

कार्रवाई के दौरान संजय यादव, योगेंद्र यादव, सुनील यादव, करेश यादव, लल्लू यादव, रमेश यादव, मंदीप यादव, उमेश यादव, नागेंद्र साह, शिवनाथ यादव, भीम यादव, बिरबल यादव, अनिल कुमार यादव, सुरेश यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का स्वागत करते हुए जंगल क्षेत्र में नियमित छापेमारी की मांग की, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध शराब का कारोबार शुरू न हो सके।