दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी और आसपास के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और इसके बाद कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने ताजा मौसम अपडेट में  उत्तर दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली और मध्य दिल्ली  के लिए  रेड अलर्ट  जारी किया है। वहीं  पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली और नई दिल्ली  के लिए  ऑरेंज अलर्ट  जारी किया गया है।

नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी बारिश
दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते कई जगहों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई गई है।

दिनभर बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस  और न्यूनतम तापमान  26 से 28 डिग्री सेल्सियस  के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और दक्षिण-पूर्वी दिशा से  15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे  की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। झोंकों के दौरान हवा की गति और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने बताया है कि सुबह और दोपहर में हल्की से मध्यम बारिश के बाद शाम और रात में भी बारिश का एक और दौर आ सकता है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

लोगों को मिली गर्मी से राहत
पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। मंगलवार की बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।