हजारीबाग: चालकुशा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी कांड के अनुसंधान के बाद धनबाद जिले के बरवाड़ा थाना क्षेत्र से लौट रहे थे। इसी दौरान हुए सड़क हादसे में घायल आरक्षी नरेश कुमार यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में पहले ही एक सिपाही की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल होकर इलाजरत थे। इनमें से आरक्षी नरेश कुमार यादव ने रांची स्थित मेडिकल अस्पताल में शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

इसके बाद उनका पार्थिव शरीर हजारीबाग पुलिस केंद्र लाया गया, जहां पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, सदर एवं बरही, डीएसपी मुख्यालय/सीसीआर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उन्हें सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत आरक्षी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।