बलरामपुर : पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र के नेकरे गांव निवासी मृत प्रवासी मजदूर विभीषण महतो के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से शनिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जलधर महतो ने मृतक के परिवार को मुआवजे की राशि का चेक सौंपा।

बताया गया कि 42 वर्षीय विभीषण महतो परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर कमाई की उम्मीद में हैदराबाद गए थे। करीब चार महीने पहले वह भवन निर्माण के काम के लिए हैदराबाद गए थे।

 इसी दौरान 28 जुलाई को हुए सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई।परिवार के अनुसार, स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार और उचित मजदूरी नहीं मिलने के कारण विभीषण महतो दूसरे राज्य में काम करने गए थे। लेकिन काम के दौरान हुए सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

शनिवार को राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। बलरामपुर विधायक जलधर महतो, बलरामपुर के बीडीओ किशोर मंडल और ब्लॉक लेबर ऑफिसर चैतन्य यशी ने मृतक के परिजनों को मुआवजे का चेक सौंपा।

इस मौके पर विधायक जलधर महतो ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मृत प्रवासी मजदूर के परिवार को मुआवजे के रूप में दो लाख रुपये की सहायता दी गई है। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ने क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों की समस्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त उद्योग, कारखाने और रोजगार के अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों को रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है।उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि नई सरकार बनने के बाद औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में पहल की जा रही है।

विधायक ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।सरकार की ओर से मिली दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता ने परिवार को मुश्किल समय में कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन परिवार ने अपने सदस्य को हमेशा के लिए खो दिया है। इस दौरान विधायक और बलरामपुर प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।