पलामू: गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल कॉलेज, सड़मा में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने कॉलेज की महिला शिक्षकों और अन्य छात्राओं को आकर्षक डिजाइन की मेहंदी लगाई। प्रतिभागियों की कला और रचनात्मकता की मौजूद लोगों ने सराहना की।

स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम की भी हुई तैयारी

मेहंदी प्रतियोगिता के साथ आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर छात्र-छात्राओं का रिहर्सल भी कराया गया। इसमें करीब एक दर्जन विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और भाषण की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रचनात्मक गतिविधियों से व्यक्तित्व विकास

कार्यक्रम की मुख्य भूमिका निभा रहीं प्रो. मुन्नी देवी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का विकास होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर मिलता है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. डॉ. अमित कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं।

इस दौरान प्रो. राजकिशोर लाल, प्रो. राजमोहन, आरती कुमारी और नैंसी कुमारी ने भी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन पंचम कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।