देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को बीएड कॉलेज परिसर में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफ किया।
दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, क्यू मैनेजमेंट, ट्रैफिक व्यवस्था और सुगम जलार्पण को प्राथमिकता दी है।
कतार में गैप नहीं होने का निर्देश
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि दूसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी अधिकारी पूरी सजगता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता और सेवाभाव से पेश आते हुए उन्हें हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, कतार में किसी भी तरह का गैप नहीं होना चाहिए और श्रद्धालुओं की लाइन लगातार आगे बढ़ती रहनी चाहिए।
डीसी ने अधिकारियों के बीच बेहतर कोऑर्डिनेशन और कम्युनिकेशन बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
क्यू और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर एसपी की नजर
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने क्यू मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाहर से आए पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी अब मेला क्षेत्र की व्यवस्था से परिचित हो चुके हैं।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी से तैनात रहने और भीड़ नियंत्रण के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।
ओपी की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों को
एसपी ने बताया कि सभी ओपी और ट्रैफिक ओपी की जिम्मेदारी डीएसपी रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
दूसरी सोमवारी पर संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा बाबा बैद्यनाथ के दरबार में सुगम एवं व्यवस्थित जलार्पण के लिए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत रखने का निर्देश दिया है।














