नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति (National Executive Committee) की घोषणा कर दी है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि अगले छह महीनों के भीतर देशभर में राज्य स्तरीय समन्वय समितियों (State Coordinator Committees) और लोकसभा स्तर की समितियों का गठन किया जाएगा। पार्टी ने यह भी कहा कि 6 अगस्त को घोषित सूची के अलावा फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति को संगठनात्मक पद नहीं दिया गया है।

अभिजीत दीपके बने राष्ट्रीय संयोजक

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक (National Convener) बनाया गया है। वहीं आशुतोष रांका और सौरव दास को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राष्ट्रीय संगठन प्रभारी के रूप में अजिंक्य शिंदे को नियुक्त किया गया है, जबकि दीपक बालियान को संगठन सह-प्रभारी बनाया गया है।

इन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी

राष्ट्रीय कार्यसमिति में निम्नलिखित पदाधिकारियों की घोषणा की गई—

  • राष्ट्रीय संयोजक: अभिजीत दीपके
  • सह-संयोजक: आशुतोष रांका, सौरव दास
  • राष्ट्रीय संगठन प्रभारी: अजिंक्य शिंदे
  • संगठन सह-प्रभारी: दीपक बालियान
  • राष्ट्रीय सचिव: आफरीन नवाज
  • मीडिया प्रमुख: विजय रेड्डी मल्लांगी
  • कानूनी मामलों की प्रमुख: रत्ना सिंह
  • रिसर्च एंड पॉलिसी लीड: वैष्णवी गौड़
  • टेक्नोलॉजी लीड: रोहन देशपांडे
  • फाइनेंस लीड: योगेश इंगले
जोनल प्रभारियों की भी घोषणा

पार्टी ने चार जोनल प्रभारियों के नाम भी घोषित किए हैं—

  • नॉर्थ जोन: दीपक बालियान
  • साउथ जोन: विजय रेड्डी मल्लांगी
  • ईस्ट एंड नॉर्थ-ईस्ट जोन: अंकित भारद्वाज
  • वेस्ट जोन: योगेश इंगले
कोर कमेटी को लेकर विवाद भी सामने आया

राष्ट्रीय कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पार्टी की कोर कमेटी को लेकर विवाद भी सामने आया। अभिजीत दीपके के आवास के बाहर कुछ युवाओं ने प्रदर्शन करते हुए नेतृत्व पर परिवारवाद और पक्षपात के आरोप लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जंतर-मंतर छात्र आंदोलन से जुड़े कई समन्वयकों (कोऑर्डिनेटर्स) को कोर कमेटी में प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया। उनका दावा है कि आंदोलन में करीब 450 समन्वयक सक्रिय थे, लेकिन उन्हें बैठक में शामिल नहीं किया गया।

'क्या बोलती पब्लिक' अभियान शुरू करेगी CJP

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की कि अगले महीने CJP देशभर में 'क्या बोलती पब्लिक' अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के माध्यम से पार्टी आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जानने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन के बाद लोगों में अपनी बात खुलकर रखने का विश्वास बढ़ा है और पार्टी जनसरोकार के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास करेगी।