हजारीबाग में वज्रपात से खेत में काम कर रहे दंपत्ति की मौत, कंचनपुर गांव में मातम
हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत पेलावल थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में गुरुवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान बासुदेव महतो (62) और उनकी पत्नी दुलिया देवी (56) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों संत अगस्टिन स्कूल के पीछे पुरुभर नामक स्थान पर जामुन के पेड़ के पास खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हुई और वज्रपात होने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी भयावह थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल को इसकी जानकारी दी गई। सांसद के निर्देश पर उनके मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी तत्काल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाने की व्यवस्था की तथा प्रशासनिक अधिकारियों को पूरे मामले की सूचना दी। रंजन चौधरी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल ने प्रशासन से मृतक परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया जाएगा। बताया गया कि मृतक दंपत्ति का इकलौता बेटा मुंबई में काम करता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान अनिल कुमार कुशवाहा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश कुशवाहा, पूर्व मुखिया सह वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि अशोक राणा, जिला परिषद प्रतिनिधि मनीष ठाकुर, मनोज कुशवाहा, कृष्णा महतो, सुरेश महतो, अशोक यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।सांसद प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे, परिजनों को बंधाया ढांढस
प्रशासन से मुआवजे की मांग
गांव में शोक का माहौल














