पाकुड़: पाकुड़ पुलिस ने अवैध नकली शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करनघाटी गांव में छापेमारी कर नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन और स्प्रिट बरामद किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि करनघाटी गांव में एक घर के पीछे अवैध रूप से नकली शराब तैयार कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया और छापेमारी की गई।

भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से

  • 100 खाली 180 एमएल कांच की बोतलें
  • 40 खाली 375 एमएल की बोतलें
  • विभिन्न ब्रांड के नकली स्टीकर
  • 150 प्लास्टिक ढक्कन
  • 20 शराब से भरी बोतलें
  • करीब 20 लीटर स्प्रिट

बरामद किया। पुलिस ने मौके से शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी जब्त की है।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

मामले में तारेश साहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।