रांची: राजधानी रांची के राहे थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। राहे थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और विशेष जांच दल (SIT) की मेहनत से मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर बाइक और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को राहे थाना क्षेत्र के पारसडीह टुंगरीटोला के सुनसान इलाके में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

लूट की योजना के दौरान हुई हत्या

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने लूट की योजना बनाई थी। इसी दौरान मृतक से विवाद और गाली-गलौज हो गई, जिसके बाद गुस्से में फरसा से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया।

फरसा, बाइक और मोबाइल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी साक्ष्यों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस अभियान में बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश, बुंडू थाना के सहायक थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप, दशमफॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार, तकनीकी शाखा के बलेन्द्र कुमार सिंह तथा राहे थाना एवं रिजर्व गार्ड के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है।