भगवंत मान  ने सोमवार को पटना पहुंचकर चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब में सही वोटरों के नाम काटने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्य में SIR लागू नहीं होने देंगे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा तीसरे चरण में 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में SIR लागू करने की घोषणा की गई है  जिसमें पंजाब भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए सही वोटरों के नाम हटाने का प्रयास किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा और हालिया अपीलों पर भी भगवंत मान ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को पहले देश को यह बताना चाहिए कि भारत के पास पेट्रोल डीजल एलपीजी और सोने का कितना स्टॉक है। मान ने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ जनता से विदेश यात्रा नहीं करने की अपील की जा रही है वहीं प्रधानमंत्री खुद विदेश दौरे पर हैं। आम आदमी पार्टी के सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे पर भी भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कहा कि बीजेपी को विपक्षी दलों के विधायक और सांसद खरीदने के बजाय देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। महंगाई के मुद्दे पर भी पंजाब के मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पेट्रोल डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया  लेकिन चुनाव खत्म होते ही कीमतों में बढ़ोतरी शुरू हो गई। भगवंत मान अपने परिवार के साथ पटना पहुंचे थे  जहां वे पटना सिटी स्थित गुरुद्वारे में मत्था टेकने जाने वाले थे।