पालघर के चारोटी फ्लायओवर पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंबई अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर 17 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की चांदी लेकर जा रही एक प्राइवेट कंपनी की वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में चालक और सुरक्षा गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई  जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक  यह वैन मुंबई की एक सराफा कंपनी से करीब 600 किलोग्राम चांदी की सिल्ली लेकर वापी जा रही थी। सुबह करीब 6 बजे चारोटी उड्डाणपुल फ्लायओवर पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वैन डिवाइडर पार करते हुए गुजरात से मुंबई की ओर जा रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस और कासा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। घायल व्यक्ति को तुरंत कासा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया  जहां उसका इलाज जारी है। इस हादसे के बाद मुंबई अहमदाबाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।