लखनऊ मेट्रो ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर 12 स्टेशन रूट
लखनऊ में मेट्रो विस्तार को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लखनऊ मेट्रो के नए ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर फेज 1B को आज यूपी कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिल सकती है। यह नया मेट्रो रूट पुराने और नए लखनऊ को सीधे जोड़ने का काम करेगा और शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा। करीब 11 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में कुल 12 स्टेशन होंगे जिनमें 7 भूमिगत और 5 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। चारबाग से शुरू होकर यह रूट गौतम बुद्ध मार्ग अमीनाबाद पांडेयगंज लखनऊ सिटी स्टेशन KGMU ठाकुरगंज बालागंज सरफराजगंज मूसाबाग होते हुए वसंतकुंज तक जाएगा। पुराने लखनऊ की घनी आबादी और ऐतिहासिक इमारतों को देखते हुए इस परियोजना का अधिकांश हिस्सा अंडरग्राउंड रखा गया है। इससे शहर की विरासत को नुकसान पहुंचाए बिना आधुनिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क विकसित किया जाएगा। यह नया कॉरिडोर चारबाग स्टेशन को इंटरचेंज हब में बदल देगा जहां यात्री नॉर्थ साउथ और ईस्ट वेस्ट दोनों मेट्रो लाइनों के बीच आसानी से सफर कर सकेंगे। इसे दिल्ली के राजीव चौक स्टेशन की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मेट्रो रूट से King George s Medical University बलरामपुर अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर तक पहुंच आसान होगी जिससे मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिलेगी। लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन के मुताबिक प्री सिविल कंस्ट्रक्शन का काम तेजी से चल रहा है और बिजली के खंभों व अन्य बाधाओं को हटाया जा रहा है। यूपी कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार और विदेशी फंडिंग एजेंसियों के पास अंतिम स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा योगी सरकार लखनऊ समेत आसपास के जिलों को जोड़ने के लिए 170 किलोमीटर लंबा आर्बिटल रेल नेटवर्क भी विकसित कर रही है जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।















