रेखा गुप्ता ने पेट्रोल डीजल की बचत और ट्रैफिक कम करने के लिए राजधानी में कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  की अपील के बाद दिल्ली सरकार ने सरकारी दफ्तरों में हफ्ते में दो दिन वर्क फ्रॉम होम WFH  लागू करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही निजी कंपनियों से भी वर्क फ्रॉम होम अपनाने की अपील की जाएगी। सीएम रेखा गुप्ता ने मेरा भारत मेरा योगदान  अभियान लॉन्च करते हुए कहा कि हर सोमवार को मंडे मेट्रो  के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन सभी मंत्री  अधिकारी और सरकारी कर्मचारी मेट्रो से सफर करेंगे। सरकारी कॉलोनियों से मेट्रो स्टेशन तक कर्मचारियों को पहुंचाने के लिए 58 विशेष बसें भी चलाई जाएंगी। दिल्ली सरकार ने सरकारी अधिकारियों को मिलने वाले पेट्रोल डीजल कोटे में 20 फीसदी कटौती का फैसला भी लिया है। जिन अधिकारियों को हर महीने 200 से 250 लीटर ईंधन मिलता था  उसमें अब कमी की जाएगी। वहीं जो कर्मचारी पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करेंगे  उन्हें 10 फीसदी अतिरिक्त इंक्रीमेंट देने की घोषणा की गई है। राजधानी में ट्रैफिक जाम और ईंधन खपत कम करने के लिए ऑफिस टाइमिंग में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10  बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे  जबकि एमसीडी कार्यालय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। सरकार ने सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे मनाने की भी अपील की है। इसके अलावा स्कूल  कॉलेज और यूनिवर्सिटी से ऑनलाइन क्लासेस शुरू करने की अपील की गई है। अगले छह महीने तक दिल्ली सरकार नई पेट्रोल  डीजल या ईवी गाड़ियां नहीं खरीदेगी। सरकार ने 50 फीसदी बैठकों को वर्चुअल करने  सरकारी दफ्तरों में एसी का तापमान 24 26 डिग्री पर रखने और बिजली बचाने के लिए मास्टर स्विच लगाने जैसे कदम भी घोषित किए हैं। सीएम ने यह भी कहा कि अगले एक साल तक दिल्ली सरकार के मंत्री और अधिकारी विदेश यात्रा नहीं करेंगे। साथ ही बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों को अगले तीन महीनों तक टालने का फैसला लिया गया है। सरकार अब मेड इन इंडिया उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए मॉल्स में विशेष कॉर्नर भी बनाएगी।