साहिबगंज: साहिबगंज सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े डेटा प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सभी इंडिकेटरों पर आंकड़ों की सही प्रविष्टि और समय पर अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिविल सर्जन ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी बेहतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन डेटा अपलोड नहीं होने के कारण उनके कार्यों का सही रिकॉर्ड सामने नहीं आ पा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए वे स्वयं विभिन्न सीएचसी का दौरा कर सहिया, सहिया साथी, बीटीटी, सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

बाढ़ को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार

डॉ. रामदेव पासवान ने बताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम (Anti Venom), एंटी रैबीज इंजेक्शन, मलेरिया, डायरिया और अन्य बीमारियों की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।

उन्होंने निर्देश दिया कि आपात स्थिति में एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करना संबंधित एमओआईसी, बीपीएम और बीएएम की जिम्मेदारी होगी। साथ ही गर्भवती महिलाओं को प्रसव से तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराने और दियारा क्षेत्र के मरीजों के लिए जरूरत पड़ने पर बोट एंबुलेंस का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

सहिया को शॉल और छाता वितरित

कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन ने सभी सहिया के बीच शॉल और छाता का वितरण किया। उन्होंने बताया कि शॉल वितरण का उद्देश्य सहिया के ड्रेस कोड में एकरूपता लाना है। शॉल पर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से जुड़ी जानकारी भी अंकित है, जिससे लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचेगा। वहीं छाता बरसात के मौसम में फील्ड कार्य के दौरान सहिया को सुविधा प्रदान करेगा।

इस अवसर पर सदर एमओआईसी डॉ. महमूद आलम, आईडीएसपी डीडीएम तौसीफ अहमद, बीपीएम मनोज यादव, बीएएम मो. शादाब, बीटीटी मुनिजी पांडेय, रंजना माल्तो, ललित कुमार सहित कई स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।