रामगढ़  जिले में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी प्रखंडों में संचालित सरकारी विद्यालयों की स्थिति  छात्र नामांकन  विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के संबंध में संबंधित प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों (बीपीओ) पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ छात्रों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।

समीक्षा के क्रम में यूडैश (UDISE) रैंकिंग और अपार (APAAR) आईडी स्टेटस की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिले की रैंकिंग में सुधार लाने तथा अपार आईडी जनरेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में विभिन्न संकुलों में बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) एवं सीआरपी (क्लस्टर रिसोर्स पर्सन) द्वारा किए जा रहे मॉनिटरिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने तथा विद्यालयों के नियमित निरीक्षण करने की हिदायत दी।

विद्यालयों में पेयजल  शौचालय  बिजली  साफ-सफाई और भवनों की स्थिति जैसे आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को पोषण संबंधी जानकारी मिलेगी और विद्यालय परिसर भी हरित वातावरण से समृद्ध होगा।

बैठक के दौरान स्मार्ट क्लास  पुस्तकालय व्यवस्था  खेलकूद गतिविधियों और डिजिटल शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल  जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम  जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार  सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।