बच्चों में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) की समय पर पहचान और निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पलामू जिले में  नन्हा सा दिल  अभियान के तहत विशेष स्क्रीनिंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम)  रांची के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन  स्वास्थ्य विभाग  आईसीडीएस  शिक्षा विभाग तथा सीसीएल रांची (सीएसआर) के संयुक्त सहयोग से चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच कर रही है। स्क्रीनिंग के दौरान जिन बच्चों में हृदय संबंधी समस्या की आशंका पाई जाती है  उन्हें आगे की जांच के लिए चिन्हित कर इकोकार्डियोग्राफी (ईको) कराने हेतु प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा जा रहा है।

यह विशेष अभियान 14 जून से 24 जून 2026 तक छतरपुर और नौडीहा बाजार प्रखंड में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को अरुण आवासीय विद्यालय  छतरपुर में विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया  जहां करीब 200 बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की गई।

शिविर के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष चुनमुन कुमार उर्फ अरविंद कुमार गुप्ता तथा डॉ. मिथिलेश कुमार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

अतिथियों ने इस अभियान को ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जन्मजात हृदय रोग बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। ऐसे में समय पर जांच और निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना हजारों परिवारों के लिए राहत का कार्य है।

उन्होंने श्री सत्य साई संजीवनी संस्थान द्वारा किए जा रहे इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल कई बच्चों को नया जीवन देने में सहायक साबित हो सकती है।

अभियान के तहत अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में स्क्रीनिंग शिविरों में लेकर आएं  ताकि हृदय संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।