गोला थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया  जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब  शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री तथा एक कार भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार  रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बन्दा में अशोक साव और अनिल साव अपने घरों में अवैध विदेशी शराब का निर्माण और भंडारण कर रहे हैं। साथ ही इन शराबों की बिक्री आसपास के क्षेत्रों और रजरप्पा मंदिर के दुकानों में की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामगढ़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने ग्राम बन्दा स्थित दोनों आरोपियों के घरों में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान अशोक साव (44 वर्ष)  पिता रामा साव को अवैध विदेशी शराब का निर्माण करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। वहीं दूसरा आरोपी अनिल साव (42 वर्ष)  पिता रामा साव पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।

तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के घरों से भारी मात्रा में तैयार विदेशी शराब विभिन्न ब्रांडों के नकली स्टीकर  बोतलों के ढक्कन  खाली बोतलें तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री से यह संकेत मिला कि लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस अभियान में एसडीपीओ आलोक रंजन  पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार  गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।