ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा उपायुक्त ऋतुराज
रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में
समाहरणालय सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की
समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत
समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध
क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा
के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों की अद्यतन सूची
तैयार कर स्थापना शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि
आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके। अबुआ
आवास योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी आवास कोऑर्डिनेटरों को
निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को तीसरी किस्त का भुगतान हो चुका है उनके आवासों का निर्माण कार्य
प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्राप्त लक्ष्य
के विरुद्ध न्यूनतम 70 प्रतिशत
उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रखंड समन्वयकों को दिया गया। इसके
अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत तीसरी किस्त प्राप्त कर चुके
आवासों को आगामी माह तक पूर्ण कराने का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने योजनाओं की
नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया। वहीं अंबेडकर आवास योजना के तहत लंबित आवासों
में से कम से कम 50 प्रतिशत
आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। बैठक
में मनरेगा कार्यों की भी
समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मानव दिवस सृजन में महिलाओं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति
समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। साथ ही सभी प्रखंड
कार्यक्रम पदाधिकारियों (बीपीओ) को मनरेगा के तहत पूर्ण हो चुकी एवं पूर्ण होने
वाली योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया ताकि
योजनाओं की प्रगति की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त
ऋतुराज ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की सभी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के
सामाजिक और आर्थिक विकास से सीधे जुड़ी हुई हैं। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी
निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए गंभीरता जवाबदेही
और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी
प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित
करने पर जोर दिया।














