स्वास्थ्य योजनाओं की पहुंच बढ़ाने को संयुक्त समिति बनेगी
हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य
विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और
उनके बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को महापौर
कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग एवं वार्ड पार्षदों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के नोडल पदाधिकारी डॉ. सुभाष प्रसाद अर्बन मैनेजर सनी राम तथा नगर निगम के विभिन्न वार्डों के
पार्षद शामिल हुए। बैठक
के दौरान मलेरिया फाइलेरिया टीबी
उन्मूलन अभियान विकलांगता प्रमाण पत्र स्वास्थ्य जांच शिविर आरोग्यम
दीदी समिति और आयुष्मान भारत योजना सहित शहरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही मदर
टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ सेंटर तथा नगर क्षेत्र में संचालित तीन प्रसव
केंद्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और सेवाओं से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत
कराया गया। स्वास्थ्य
विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक
पहुंचाने के लिए विभाग और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। इसी
उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग और वार्ड पार्षदों की एक संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय
लिया गया। यह समिति योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करेगी तथा वार्ड स्तर पर
आने वाली समस्याओं के समाधान में सहयोग करेगी। बैठक
में यह भी निर्णय लिया गया कि सहिया दीदियां संबंधित वार्ड
पार्षदों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगी ताकि
स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक समय पर
पहुंच सके। करीब
दो घंटे तक चली इस बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में स्वास्थ्य सेवाओं
से जुड़ी समस्याओं चुनौतियों और सुझावों को विस्तार से
रखा। जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा जताते हुए
संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक
के दौरान सेवा समिति के सदस्यों के प्रथम आगमन पर महापौर अरविंद कुमार राणा ने पुष्पगुच्छ एवं
शॉल भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया। अर्बन मैनेजर सनी राम ने कहा कि नगर निगम
और स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक
सुदृढ़ बनाया जाएगा ताकि शहरी क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक
तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके। बैठक
में वार्ड पार्षद विकास कुमार यादव प्रमिता सिन्हा सोनी क्षेत्री अनीता देवी डॉ. अंशिका प्रभा गुप्ता रिंकू वर्मा रीता नाथ निशा सिंह सहित अन्य
जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।














