गिरिडीह  बेंगाबाद थाना क्षेत्र के खंडोली मोड़ के समीप गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवक घायल हो गए जबकि अन्य तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  देवघर जिले के दुलमपुर निवासी छह युवक कार से गिरिडीह स्थित पर्यटन स्थल खंडोली घूमने आए थे। घूमने के बाद सभी युवक शाम के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान खंडोली मोड़ से कुछ दूरी पहले चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार सड़क किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।

घायलों की पहचान राजा खान  हुसैन खान और आर्यन खान के रूप में हुई है। तीनों देवघर जिले के दुलमपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं कार में सवार अन्य तीन युवकों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।