पाकुड़ में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पत्नी की हत्या, पिता पर भी हंसुआ से हमला; आरोपी फरार
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित नरोत्तमपुर
गांव में घरेलू विवाद के बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई
है। आरोप है कि एनामुल शेख ने अपनी पत्नी और
पिता पर हंसुआ से हमला कर दिया। इस घटना में पत्नी 27 वर्षीय सोनाभान बीबी की मौत हो गई, जबकि पिता मनारूल
शेख घायल
हो गए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर
रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनाभान बीबी घर से बाहर गई हुई थीं।
वापस लौटने पर पति ने उनसे बाहर रहने का कारण पूछा। पत्नी ने मायके जाने की बात
कही। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपने ससुराल फोन कर जानकारी ली, जहां से बताया गया कि सोनाभान उस दिन
मायके नहीं गई थीं। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़
गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे आरोपी के पिता मनारूल
शेख पर भी एनामुल ने हंसुआ से हमला कर दिया। हमले में सोनाभान बीबी गंभीर रूप से
घायल हो गईं। घायलों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया
गया, जहां चिकित्सकों ने
सोनाभान बीबी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मनारूल शेख का प्राथमिक उपचार के
बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आरोपी
एनामुल शेख की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की
जांच में जुटी हुई है।















