दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में धनबाद में NSUI का प्रदर्शन, रणधीर वर्मा चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
धनबाद: दिल्ली के जंतर-मंतर
पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के
साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में बुधवार को धनबाद में कांग्रेस की छात्र इकाई नेशनल
स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या
में छात्र और युवा कार्यकर्ता रणधीर वर्मा चौक पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के
खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन
के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं
ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने वाले छात्रों और युवाओं
की आवाज को बलपूर्वक दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन
पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों
ने केंद्र सरकार से छात्रों के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की मांग करते हुए
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों
के अधिकारों का इसी तरह दमन किया जाता रहा तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस
दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध स्वरूप कई नारे लगाए और
छात्रों के अधिकारों की रक्षा की मांग की। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए
रखने के लिए रणधीर वर्मा चौक पर पुलिस बल भी तैनात रहा। विरोध-प्रदर्शन शांतिपूर्ण
ढंग से संपन्न हुआ। NSUI नेताओं
ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और छात्रों की समस्याओं को लेकर उनकी
लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन प्रत्येक
नागरिक का अधिकार है और इसे दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध
किया जाएगा।














