लखनऊ: लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए नई टोल दरें लागू हो गई हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने संशोधित टोल शुल्क सोमवार रात 12 बजे से प्रभावी कर दिया है। नई दरों के तहत कार, जीप और एसयूवी का टोल शुल्क बढ़ाकर ₹100 कर दिया गया है। वहीं दूसरी ओर रोडवेज बस यात्रियों को किराये में राहत मिली है।
नेशनल हाईवे पर नई टोल दरें
नवाबगंज टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों के लिए नई दरें इस प्रकार हैं:
कार, जीप और एसयूवी: ₹100 (पहले ₹95)
हल्के वाणिज्यिक वाहन/मिनी बस: ₹160
बस और दो एक्सल वाहन: ₹340
तीन एक्सल वाहन: ₹370
चार से छह एक्सल वाहन: ₹535
सात या अधिक एक्सल वाहन: ₹650
एक्सप्रेसवे पर भी बढ़ा टोल
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भी संशोधित टोल लागू कर दिया गया है।
कार/जीप/एसयूवी: ₹275 (एक तरफ), ₹415 (24 घंटे के भीतर रिटर्न)
लाइट कमर्शियल व्हीकल: ₹445 (एक तरफ), ₹670 (रिटर्न)
बस और ट्रक: ₹935 (एक तरफ), ₹1405 (रिटर्न)
भारी वाहन: ₹1020 (एक तरफ), ₹1530 (रिटर्न)
सालाना पास की सुविधा जारी
नियमित सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए वार्षिक और मासिक पास की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी। वार्षिक FASTag पास के जरिए प्रति यात्रा का खर्च काफी कम हो सकता है।
रोडवेज यात्रियों को राहत
टोल बढ़ने के बीच उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने लखनऊ-कानपुर रूट पर साधारण बसों का किराया ₹14 घटाकर ₹123 कर दिया है। यह फैसला नए सर्वे के बाद लिया गया, जिसमें एक्सप्रेसवे बनने से दोनों शहरों के बीच दूरी घटकर लगभग 84 किलोमीटर आंकी गई। नई किराया दरें 21 जुलाई से लागू हो गई हैं।














