साहिबगंज: राजमहल के मुंडली स्थित मॉडल कॉलेज के छात्र महमूद रज़ा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एमबीबीएस (MBBS) पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चयनित होकर कॉलेज, परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।

इस उपलब्धि पर शुक्रवार को मॉडल कॉलेज परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने महमूद रज़ा को पुष्पगुच्छ और सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य ने बताया प्रेरणादायक उदाहरण

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास करने वाले विद्यार्थी ही सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि महमूद रज़ा की उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

सम्मान समारोह के दौरान महमूद रज़ा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। वहीं उनके पिता मो. सिराजुद्दीन ने सम्मान समारोह आयोजित करने के लिए कॉलेज परिवार और प्राचार्य का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे और महमूद रज़ा की सफलता पर खुशी जाहिर की।