महुदा भूधंसान जलेश्वर महतो विरोध छाताबाद भंडारीडीह
महुदा। छाताबाद भंडारीडीह
में हुई भीषण भू-धंसान की घटना के बाद बुधवार को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता जलेश्वर
महतो जब प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे, तो उन्हें स्थानीय लोगों के विरोध का
सामना करना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर घेर लिया और नाराजगी जताते
हुए वापस लौटने को कहा। स्थानीय
लोगों का कहना था कि घटना के तुरंत बाद पीड़ितों का हाल जानने कोई नहीं आया और अब
केवल राजनीतिक औपचारिकता निभाई जा रही है। विरोध के दौरान लोगों ने नारेबाजी की और
कांग्रेस तथा झामुमो पर कोयला चोरी को संरक्षण देने जैसे आरोप भी लगाए। बढ़ते
विरोध को देखते हुए जलेश्वर महतो बिना कार्यक्रम पूरा किए ही वहां से लौट गए। इधर,
भू-धंसान की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीएल ने प्रभावित क्षेत्र
में राहत और सुरक्षा कार्य तेज कर दिया है। जमीन में बनी बड़ी दरारों को भरने के
लिए युद्धस्तर पर ओवरबर्डन (OB) डाला जा रहा है। भारी मशीनों की मदद से
भराई कर गैस रिसाव रोकने तथा जमीन को और धंसने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब
है कि मंगलवार सुबह कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद
भंडारीडीह फुटबॉल ग्राउंड के समीप स्थित तालाब में अचानक तेज आवाज के साथ
भू-धंसान हुआ था। कुछ ही मिनटों में तालाब का पूरा पानी जमीन के भीतर समा गया,
जिससे आसपास के करीब आधा दर्जन घरों में
बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना
के विरोध में स्थानीय समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों
और पार्षदों के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने कतरास-भटमुरना मुख्य मार्ग जाम कर बीसीसीएल के
खिलाफ प्रदर्शन किया था और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास तथा सुरक्षा की मांग
उठाई थी। मामले
को लेकर जलेश्वर महतो ने भी अपना पक्ष रखा, जबकि प्रशासन और बीसीसीएल की ओर से
प्रभावित क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा उपाय जारी हैं।














