रांची: झारखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, CID ने आज उन्हें गिरफ्तार किया है। हालांकि गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

एल. ख्यांगते पर JPSC की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और सीटों की खरीद-फरोख्त से जुड़े गंभीर आरोप लगाए जाते रहे हैं। इन्हीं आरोपों को लेकर झारखंड में पिछले 17 दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं।

छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित JPSC परीक्षा को रद्द करना, पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई शामिल है। इसी क्रम में आज हजारों छात्र अहिंसक तरीके से विधानसभा घेराव के लिए एकजुट हुए।

छात्रों के विधानसभा मार्च और सरकार पर बढ़ते दबाव के बीच एल. ख्यांगते की गिरफ्तारी को मामले में CID की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

छात्र आंदोलन के बीच बड़ा एक्शन

JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे आंदोलन ने आज उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पूर्व JPSC अध्यक्ष की गिरफ्तारी की खबर सामने आई। छात्रों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई चाहिए।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि एल. ख्यांगते की गिरफ्तारी के बाद क्या JPSC विवाद की जांच और तेज होगी और क्या छात्रों की प्रमुख मांगों पर सरकार कोई ठोस फैसला लेगी?