JPSC घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को CID ने किया गिरफ्तार
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। एल. ख्यांगते पर JPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और सीट बेचने से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान 2 करोड़ रुपये की कथित घूस और 20 फीसदी कमीशन से जुड़े आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी प्रतीक्षित है। सूत्रों के अनुसार, जांच में परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी TDPL से कथित लेन-देन की बात सामने आई है। मामले में ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार के बयान को अहम माना जा रहा है। इसी बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर CID ने एल. ख्यांगते के खिलाफ कार्रवाई की है। एल. ख्यांगते की गिरफ्तारी ऐसे वक्त हुई है, जब JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र पिछले 17 दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में विवादित परीक्षाओं को रद्द करना, पूरे मामले की स्वतंत्र/CBI जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार शामिल हैं। आज छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। बड़ी संख्या में छात्र अहिंसक तरीके से विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे। इसी बीच पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते की गिरफ्तारी की खबर सामने आई है। हालांकि, गिरफ्तारी और घूस से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि CID की ओर से होना अभी बाकी है। मामले में आगे की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ होगी।TDPL एजेंसी से कथित लेन-देन का आरोप
17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं छात्र
विधानसभा घेराव के दिन बड़ी कार्रवाई















