रांची:  झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR  2026 अभियान के तहत तेजी से काम किया जा रहा है। मतदाताओं और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए 2 के सहयोग से बूथ लेवल ऑफिसर  BLO  घर-घर जाकर मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, राज्य में अब तक 96.68 प्रतिशत मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराया जा चुका है।

मतदाताओं द्वारा भरे गए इन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ के पास जमा किए जा रहे हैं और इसके साथ ही उनका डिजिटाइजेशन भी तेजी से किया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अब तक 50.06 प्रतिशत मतदाताओं के फॉर्म के डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो चुका है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर भागीदारी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता समय पर अपने इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर रहे हैं। हालांकि शहरी क्षेत्रों और युवा मतदाताओं की अपेक्षाकृत कम भागीदारी को लेकर चिंता जताई गई है।

शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं के बार-बार स्थान बदलने, घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ से संपर्क नहीं हो पाने और युवाओं के उच्च शिक्षा या रोजगार के लिए दूसरे शहरों में रहने के कारण अभियान में उनकी भागीदारी प्रभावित होने की बात सामने आई है।

18 और 20 जुलाई को विशेष शिविर

शहरी मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से 18 और 20 जुलाई 2026 को सभी शहरी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे।

जिन शहरी मतदाताओं ने अभी तक अपना SIR इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं किया है या फॉर्म जमा नहीं किया है, वे इन विशेष शिविरों में जाकर फॉर्म प्राप्त कर उसे भरकर जमा कर सकेंगे।

वहीं, जो मतदाता पहले ही अपना इन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ के पास जमा कर चुके हैं या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर चुके हैं, उन्हें विशेष शिविर में आने की आवश्यकता नहीं होगी।

गलत घोषणा करने पर हो सकती है कार्रवाई

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विदेशी नागरिकता प्राप्त कर चुके अथवा भारतीय नागरिकता त्याग चुके व्यक्तियों को इन्यूमरेशन फॉर्म बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए बीएलओ को वापस लौटाना होगा।

उन्होंने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म में गलत घोषणा कर हस्ताक्षर करना लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत दंडनीय हो सकता है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से SIR अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।