जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में उत्पाद विभाग और कोषागार शाखा की अलग-अलग समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्पाद विभाग के राजस्व लक्ष्य, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और कोषागार की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की गई।

अवैध शराब के खिलाफ नियमित छापेमारी के निर्देश

समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून माह तक 72 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान कार्रवाई में 534 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3105 किलोग्राम जावा महुआ, 114.565 लीटर अवैध देशी शराब, 159.63 लीटर बीयर, 60 किलोग्राम पंचवई तथा 45 लीटर अन्य अवैध मादक पदार्थ जब्त किए गए।

उपायुक्त ने अभियोगों, गिरफ्तार आरोपियों, फरार अभियुक्तों और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अवैध शराब के विरुद्ध नियमित औचक छापेमारी जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने हॉटस्पॉट क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा जिले की 31 लाइसेंसी शराब दुकानों में निर्धारित ब्रांड का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और एमआरपी से अधिक कीमत पर बिक्री नहीं होने की सख्त हिदायत दी।

कोषागार शाखा के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

कोषागार शाखा की समीक्षा के दौरान स्वीकृत एवं रिक्त पदों, लंबित एसी-डीसी बिल, विपत्र निकासी, कोषागार निरीक्षण और अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने विभिन्न डीडीओ कोड में लंबित एसी-डीसी बिलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विपत्र नियमानुसार और समय पर पारित किए जाएं तथा त्रुटि पाए जाने पर उन्हें तत्काल संबंधित विभाग को सुधार के लिए लौटाया जाए।

इसके अलावा कोषागार में अभिलेखों के बेहतर रखरखाव, कार्यालय भवन की मरम्मत और फॉल सीलिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए।