रांची: जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद हुए हंगामे पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में हुआ हंगामा स्वतःस्फूर्त नहीं था, बल्कि भाजपा नेताओं ने मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये देकर अस्पताल वापस बुलाया और हंगामा कराया।

हालांकि, भाजपा की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गर्भवती महिला की मौत के बाद हुआ था हंगामा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गर्भवती महिला को गंभीर अवस्था में जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया था। मंत्री के अनुसार, रास्ते में महिला की मौत हो गई।

इरफान अंसारी का दावा है कि परिजन शव लेकर घर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में भाजपा से जुड़े लोगों ने उन्हें कथित तौर पर 20 हजार रुपये देकर वापस अस्पताल लाया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा हुआ।

अस्पताल में तोड़फोड़, 30 लाख तक के नुकसान का दावा

मंत्री ने आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान अस्पताल में व्यापक तोड़फोड़ की गई। आईसीयू, कंप्यूटर, कांच के शीशे और अन्य सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही मरीजों के रिकॉर्ड भी क्षतिग्रस्त हुए।

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक इस घटना में करीब 25 से 30 लाख रुपये की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी और ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन को 24 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

108 एंबुलेंस सेवा पर भी दी सफाई

108 एंबुलेंस सेवा को लेकर उठ रहे सवालों पर इरफान अंसारी ने कहा कि पिछली सरकार के समय कम दर पर टेंडर दिए जाने के कारण एंबुलेंस सेवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई।

उन्होंने कहा कि पुरानी एजेंसी को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और नई एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी किया गया है। इस संबंध में 22 जुलाई को सभी सिविल सर्जनों की बैठक बुलाई गई है। साथ ही पुरानी एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का भी निर्देश दिया गया है।

पहाड़ी क्षेत्रों में स्ट्रेचर की होगी व्यवस्था

पहाड़ी इलाकों में मरीजों को खाट पर ले जाने की तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कई दुर्गम क्षेत्रों में एंबुलेंस पहुंचना संभव नहीं हो पाता। ऐसे इलाकों में मरीजों के लिए स्ट्रेचर की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने भाजपा पर केवल फोटो खिंचवाने की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने का दावा

इरफान अंसारी ने कहा कि उन्हें धर्म के आधार पर निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन इससे वह विचलित नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि अगले पांच वर्षों में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पहले से कहीं अधिक मजबूत और बेहतर बनाया जाएगा।