रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन में उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद भी मौजूद रहे। इस दौरान विभाग के कार्यों, राजस्व संग्रह, प्रवर्तन व्यवस्था, प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

उत्पाद सिपाही भर्ती को प्राथमिकता देने का निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। इसके साथ ही विभाग में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) समेत अन्य सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाकर समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा, ताकि विभाग की कार्यक्षमता और मजबूत हो सके।

अवैध शराब पर सख्ती, JSBCL के विस्तार पर जोर

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने झारखंड स्टेट बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) के कार्यक्षेत्र का विस्तार करने, आधुनिक तकनीक के माध्यम से राजस्व बढ़ाने की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने और विभाग से संबंधित आवश्यक नीतियों को जल्द लागू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुख बनाया जाए।

राज्यहित सर्वोपरि, निर्देशों का समयबद्ध पालन करें: योगेंद्र प्रसाद

बैठक के दौरान मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विभाग राज्यहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, राजस्व संग्रह को मजबूत करने, रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता बनाए रखते हुए बेहतर परिणाम हासिल करें।