संत रविदास जयंती पर भाजपा का बड़ा अभियान, 29 जुलाई से पूरे झारखंड में होंगे कार्यक्रम
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश
कार्यालय में शुक्रवार को संत शिरोमणि रविदास की आगामी 650वीं जयंती के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का
आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। कार्यक्रम के
बाद प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने पत्रकारों को
संबोधित करते हुए बताया कि भाजपा 29 जुलाई 2026 से
20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाएगी। अमर कुमार बाउरी ने बताया कि अभियान का
उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास के समरसता, सामाजिक समानता और जाति-पाति से ऊपर उठकर समाज निर्माण के
संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे राज्य में विभिन्न
कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के विचारों का प्रचार-प्रसार करेगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत राज्य
के सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही संत
रविदास की जन्मस्थली काशी से पवित्र मिट्टी
लाने के लिए एक विशेष टोली रवाना होगी। यह टोली 29 जुलाई को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और रांची होते हुए झारखंड
पहुंचेगी। इसके बाद इस पवित्र मिट्टी को राज्य के विभिन्न मंदिरों तक पहुंचाया
जाएगा। उन्होंने कहा कि इस टोली के स्वागत के
लिए पूरे झारखंड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। NEET परीक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह पहली
बार नहीं है जब NEET परीक्षा
रद्द हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में JSSC, JPSC, CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती जैसी कई परीक्षाओं
में गड़बड़ियां सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने NEET
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 13
लोगों को हिरासत में लिया और 45 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा आयोजित कर
परिणाम भी जारी कर दिया। अमर कुमार बाउरी ने आरोप लगाया कि
विपक्ष NEET परीक्षा के मुद्दे पर
पूरे देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की दिशा में
काम कर रहे हैं और देश उनके साथ खड़ा है।29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान
काशी से लाई जाएगी पवित्र मिट्टी
NEET परीक्षा विवाद पर विपक्ष पर
साधा निशाना
'विपक्ष माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा'














